इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 18 मार्च को बड़ा फैसला लेते हुए बताया कि उनके नियमित कप्तान पैट कमिंस शुरुआती कुछ मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को टीम की कप्तानी सौंपी है।
ईशान किशन के लिए साल 2026 अब तक शानदार रहा है। उन्होंने टीम इंडिया में वापसी करने के साथ टी20 विश्व कप 2026 में अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। अब आईपीएल में कप्तानी मिलने के बाद सबकी नजरें इस बात पर हैं कि क्या वह इस जिम्मेदारी पर खरे उतर पाएंगे।
अगर उनके टी20 कप्तानी रिकॉर्ड की बात करें, तो ईशान किशन ने घरेलू क्रिकेट में अब तक 29 मैचों में टीम की अगुवाई की है, जिसमें से उनकी टीम ने 24 मुकाबले जीते हैं और सिर्फ 5 में हार मिली है। हाल ही में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड की कप्तानी करते हुए टीम को खिताब जिताया। उस टूर्नामेंट में झारखंड ने 11 में से 10 मैच जीते, जबकि सुपर लीग में केवल आंध्रा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए फाइनल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की।
बतौर कप्तान बल्लेबाजी में भी ईशान किशन का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 29 मैचों में 43.12 की औसत से 1078 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 113 रन रहा है।



