दुनिया के महान फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार लियोनल मेसी का भारत दौरा काफी चर्चा में रहा। मेसी India GOAT Tour 2025 के तहत तीन दिनों के भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली का दौरा किया और कई नामचीन हस्तियों से मुलाकात की। हालांकि, कोलकाता में हुए कार्यक्रम के दौरान पैदा हुई अव्यवस्था के कारण यह दौरा विवादों में भी घिर गया।
कोलकाता में सॉल्ट लेक स्टेडियम से मेसी के अपेक्षा से पहले निकल जाने के बाद फैंस भड़क गए थे और स्टेडियम में जमकर तोड़फोड़ हुई थी। इस घटना के बाद कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया था। अब उन्होंने जांच एजेंसियों के सामने भारत दौरे से जुड़ी खर्च की पूरी जानकारी साझा की है।
मेसी के भारत दौरे पर हुए करीब 100 करोड़ रुपये खर्च
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सताद्रु दत्ता ने SIT (विशेष जांच टीम) को बताया कि लियोनल मेसी को भारत दौरे के लिए करीब 89 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। इसके अलावा लगभग 11 करोड़ रुपये टैक्स के रूप में भारत सरकार को दिए गए, जिससे कुल खर्च करीब 100 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि कुल खर्च की गई राशि में से करीब 30 प्रतिशत फंड स्पॉन्सर्स से, जबकि 30 प्रतिशत टिकट बिक्री से जुटाया गया था। SIT अधिकारियों ने दत्ता के फ्रीज किए गए बैंक खातों से 20 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी बरामद की है।
कोलकाता में कार्यक्रम के दौरान बिगड़े हालात
भारत दौरे के पहले चरण में मेसी कोलकाता पहुंचे थे, जहां नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हजारों प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने लेक सिटी में अपनी 70 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया।
बाद में सॉल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब मेसी मैदान में पहुंचे, तो बड़ी संख्या में प्रशंसक ग्राउंड में उतर आए और उन्हें घेर लिया। सुरक्षा कारणों के चलते मेसी को स्टेडियम से जल्दी बाहर निकलना पड़ा।
फैंस ने की तोड़फोड़, मचा हंगामा
मेसी के अचानक चले जाने से नाराज प्रशंसकों ने स्टेडियम में जमकर हंगामा किया। कई लोगों ने पानी की बोतलें फेंकीं, कुर्सियां उखाड़ दीं और ग्राउंड में घुस गए। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना के बाद अव्यवस्था को लेकर तीखी आलोचना हुई और मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता की गिरफ्तारी हुई। हालांकि, इसके बाद मेसी के हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली के कार्यक्रम बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए।






