प्यार, सगाई और मौत: लोहागढ़ किले में कैसे बेनकाब हुई केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश?
पुणे के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में ट्रेकिंग के दौरान हुई एक घटना को शुरुआत में हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में यह मामला एक सुनियोजित हत्या के रूप में सामने आया। इस पूरे मामले की गुत्थी एक सीसीटीवी फुटेज ने सुलझाई, जिसमें जून की भीषण गर्मी में हुडी पहनकर घूम रहा एक युवक दिखाई दिया। बाद में उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई, जो सिया गोयल का प्रेमी था।
सीसीटीवी फुटेज ने बदली जांच की दिशा
18 जून को किले के टिकट काउंटर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल और उनकी मंगेतर सिया गोयल दिखाई दिए। फुटेज की जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि उनके पीछे एक युवक लगातार चल रहा था। युवक ने हुडी पहन रखी थी और अपना चेहरा पूरी तरह ढका हुआ था।
कुछ घंटों बाद केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया, लेकिन सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस को मामले की दोबारा जांच करने के लिए मजबूर कर दिया।
जून की गर्मी में हुडी बनी बड़ा सुराग
पुलिस ने पाया कि जिस दिन घटना हुई, उस समय तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था। इतनी गर्मी में किसी व्यक्ति का हुडी पहनकर चेहरा छिपाना जांचकर्ताओं को असामान्य लगा। युवक ने हुडी के ऊपर हेडसेट भी पहन रखा था, जिससे उसकी पहचान छिपी रहे।
यही संदेह आगे चलकर हत्या की साजिश उजागर करने वाला अहम सुराग साबित हुआ।
मोबाइल बंद कर बनाया अलिबाई
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन चेतन अपना मोबाइल फोन दुकान पर ही छोड़ गया था। उसका इंटरनेट भी बंद था ताकि उसकी लोकेशन ट्रैक न हो सके।
पुलिस ने उन लोगों से भी पूछताछ की जिन्होंने उस दिन चेतन के नंबर पर कॉल किया था। कॉल करने वालों ने बताया कि फोन का जवाब चेतन नहीं, बल्कि उसकी दुकान के कर्मचारी दे रहे थे। इससे पुलिस का शक और गहरा गया।
कॉल डिटेल्स ने खोला प्रेम संबंध का राज
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सिया और चेतन के बीच लगातार बातचीत होती थी। दोनों के बीच हजारों कॉल रिकॉर्ड मिले, जिनमें कई बातचीत घंटों तक चली थीं।
सोशल मीडिया और कॉल रिकॉर्ड की जांच से पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि सिया चेतन से प्रेम करती थी और केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। इसके बाद हत्या की साजिश का एंगल और मजबूत हो गया।
आरोप: प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर को खाई में धकेला
पुलिस के अनुसार, 18 जून को सिया का ट्रेकिंग ग्रुप लोहागढ़ किले पहुंचा था। चेतन आधिकारिक तौर पर इस ग्रुप का हिस्सा नहीं था, लेकिन वह अलग से वहां पहुंचा और मौका मिलने पर उनके साथ जुड़ गया।
आरोप है कि एक गहरी खाई के पास पहुंचने पर सिया और चेतन ने मिलकर केतन को धक्का दे दिया। करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद सिया ने खुद पुलिस को फोन कर दावा किया कि फोटो खींचते समय केतन का पैर फिसल गया था और तेज हवाओं के कारण वह खाई में गिर गया। इसी आधार पर शुरुआत में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया था।
पहले भी की गई थी हत्या की कोशिश
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि 14 जून को सिया ने कथित तौर पर केतन को एक चट्टान से धक्का देने की कोशिश की थी। हालांकि उस समय केतन झाड़ियों का सहारा लेकर बच गया था।
जब केतन ने घटना के बारे में पूछा तो सिया ने सांप दिखाई देने की बात कहकर मामला टाल दिया और खुद को उसकी मददगार के रूप में पेश किया।
परिवार ने भी जताए थे संदेह
पुलिस के अनुसार, केतन और सिया की सगाई इसी साल फरवरी में हुई थी और नवंबर में उदयपुर में उनकी शादी तय थी। शादी के लिए एक महल भी बुक किया जा चुका था।
परिजनों ने बताया कि सिया कई बार शादी टालने की बात कर चुकी थी। वहीं, केतन की बहन संजना और अन्य रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि सिया लगातार केतन पर लोहागढ़ किला घूमने जाने का दबाव बना रही थी।
जानकारी के मुताबिक, वह 31 मई को भी केतन को वहां लेकर गई थी और 4 जून को दोबारा जाने की योजना बना रही थी, लेकिन उसकी मां ने उसे रोक दिया था।
हिरासत में आरोपी
पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को हिरासत में ले लिया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।






