15 अगस्त से पहले दिल्ली में सुरक्षा बढ़ी, 2 से 16 अगस्त तक ड्रोन समेत कई हवाई गतिविधियों पर प्रतिबंध
स्वतंत्रता दिवस 2026 के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए 2 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक दिल्ली में ड्रोन और अन्य छोटे हवाई प्लेटफॉर्म के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
इन हवाई गतिविधियों पर रहेगा प्रतिबंध
दिल्ली पुलिस के आदेश के अनुसार, प्रतिबंध अवधि के दौरान ड्रोन (UAV/UAS), क्वाडकॉप्टर, पैराग्लाइडर, पैरामोटर, हैंग ग्लाइडर, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट (RPA), हॉट एयर बैलून, छोटे पावर्ड एयरक्राफ्ट तथा विमान से पैरा जंपिंग जैसी सभी गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।
सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट के बाद लिया गया फैसला
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी में आशंका जताई गई है कि असामाजिक तत्व या आतंकवादी स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ड्रोन और अन्य हवाई उपकरणों का इस्तेमाल कर आम नागरिकों, वीआईपी, वीवीआईपी और महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
इसी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से यह एहतियाती कदम उठाया गया है, ताकि राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सकें।
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश 2 अगस्त 2026 से प्रभावी होकर 16 अगस्त 2026 तक लागू रहेगा। आदेश की प्रतियां सभी डीसीपी, अतिरिक्त डीसीपी, एसीपी, पुलिस थानों, तहसील कार्यालयों और एनडीएमसी, एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, डीडीए तथा दिल्ली छावनी बोर्ड के कार्यालयों में सार्वजनिक सूचना के लिए प्रदर्शित की जाएंगी। चूंकि सभी संबंधित लोगों को व्यक्तिगत रूप से नोटिस देना संभव नहीं है, इसलिए यह आदेश एक्स-पार्टी (Ex parte) जारी किया गया है।
लाल किले की सुरक्षा पर विशेष फोकस
हर वर्ष 15 अगस्त को दिल्ली के लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाता है, जहां प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करते हैं। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों के साथ वीवीआईपी और अन्य गणमान्य लोग भी शामिल होते हैं।
इसी कारण सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए पहले से व्यापक इंतजाम कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष अप्रैल में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की ISI से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया था और इस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…





