Home » ताजा खबर » इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, भारत मंडपम प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, भारत मंडपम प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दिल्ली में एआई समिट के दौरान भारत मंडपम में हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में अब तक कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पटियाला हाउस कोर्ट में बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। कोर्ट परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। वहीं, कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने गिरफ्तारी को बताया असंवैधानिक

उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी ने कहा कि यह गिरफ्तारी पूरी तरह असंवैधानिक है। पार्टी का कहना है कि संविधान प्रत्येक नागरिक को विरोध का अधिकार देता है और इस तरह की कार्रवाई से वे डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस ने कहा कि वह जनता की आवाज उठाती रहेगी।

भूपेश बघेल ने जताई नाराजगी

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी गिरफ्तारी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि उदय भानु चिब और अन्य युवा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी गैरकानूनी है और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन का दावा

भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा कि लोकतंत्र में युवाओं का सवाल पूछना और विरोध दर्ज कराना अपराध नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का प्रतीक है। उनका कहना है कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना किसी हिंसा या उकसावे के शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी।

दमनात्मक कार्रवाई का आरोप

बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण विरोध को दबाने के लिए पुलिसिया कार्रवाई का सहारा ले रही है। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मांग की कि उदय भानु चिब समेत सभी गिरफ्तार युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और उन पर लगाए गए आरोप वापस लिए जाएं।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This