Jabalpur Cruise Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित बरगी डैम पर हुए क्रूज हादसे में बड़ी लापरवाही सामने आई है। मौसम विभाग ने घटना से एक दिन पहले ही 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे क्रूज को पानी में उतार दिया गया। इसी दौरान तेज हवाएं चलीं और क्रूज पलट गया।
मौतों का आंकड़ा 9 पहुंचा, कई अब भी लापता
हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, 9 से अधिक लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, क्रूज करीब 20 मीटर गहरे पानी में फंसा हुआ है, जिससे बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
किनारे से 300 मीटर दूर हुआ हादसा
यह हादसा डैम के किनारे से लगभग 300 मीटर दूर पानी में हुआ। मौके पर स्थानीय प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और गोताखोरों की टीम मौजूद है और लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है। सुबह होते ही राहत और बचाव कार्य को और तेज कर दिया गया। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में टीमें लगातार पानी में सर्च ऑपरेशन करती नजर आ रही हैं।
प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
इस हादसे ने सुरक्षा मानकों और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौसम विभाग के अलर्ट के बावजूद क्रूज संचालन की अनुमति कैसे दी गई। गौरतलब है कि हादसे के समय क्रूज में करीब 29 यात्री सवार थे, जिनमें से कई अब भी लापता हैं।




