नागपुर: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari को जान से मारने की धमकी और 100 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में नागपुर जिला एवं सत्र न्यायालय ने आरोपी जयेश पुजारी को 5 साल की सजा सुनाई है। अदालत ने विभिन्न धाराओं के तहत उसे दोषी ठहराते हुए यह फैसला सुनाया।
जानकारी के मुताबिक, जयेश पुजारी ने फोन कॉल के जरिए नितिन गडकरी के कार्यालय में संपर्क कर 100 करोड़ और 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। आरोपी ने धमकी दी थी कि यदि रकम नहीं दी गई, तो बम विस्फोट कर केंद्रीय मंत्री की हत्या कर दी जाएगी।
बताया गया है कि जयेश पुजारी पहले से ही हत्या के एक मामले में कर्नाटक की जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। जेल में रहते हुए उसने मोबाइल फोन के माध्यम से गडकरी के कार्यालय में कॉल कर धमकी दी थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की और अदालत में आरोप साबित हुए।
गौरतलब है कि नितिन गडकरी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और अपने बयानों तथा कार्यशैली को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि उनका 90 प्रतिशत काम समाजसेवा से जुड़ा है, इसलिए उन्हें चुनाव प्रचार की ज्यादा जरूरत महसूस नहीं होती।
नितिन गडकरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र संगठन ABVP से की थी। उन्हें देश में सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए “इंफ्रास्ट्रक्चर मैन” के नाम से भी जाना जाता है। 2014 से वह लगातार केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।






