Home » ताजा खबर » जल संचय–जन भागीदारी अभियान में खंडवा नंबर-1, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

जल संचय–जन भागीदारी अभियान में खंडवा नंबर-1, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

भोपाल: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले ने ‘जल संचय–जन भागीदारी’ अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में जिले के कलेक्टर ऋषव गुप्ता और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नागार्जुन गौड़ा को सम्मानित किया। जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार और ‘जल संचय–जन भागीदारी’ पुरस्कार प्रदान किए गए।

जल संरक्षण में खंडवा की ऐतिहासिक उपलब्धि

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ‘जल संचय–जन भागीदारी’ पहल के तहत राज्यों को पाँच क्षेत्रों में विभाजित किया गया था। दक्षिण क्षेत्र में खंडवा ने 1,29,020 से अधिक जल संरक्षण संरचनाएँ बनाकर नया रिकॉर्ड स्थापित किया। यह संख्या देश के सभी जिलों में सबसे अधिक है।

अधिकारियों ने बताया कि इन प्रयासों से न केवल भूजल स्तर में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है, बल्कि वर्षा जल के बेहतर उपयोग से भविष्य के लिए जल सुरक्षा भी मजबूत हुई है।

गुना नगर निकाय भी सम्मानित

राष्ट्रपति मुर्मू ने जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर गुना नगर निकाय को भी पुरस्कृत किया। इस निकाय ने 2,231 रैन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तैयार कर जियो-टैग्ड फोटोज़ पोर्टल पर अपलोड किए, जो निर्धारित लक्ष्य से काफी अधिक थे। साथ ही शहरी क्षेत्र के कई कुओं का जीर्णोद्वार भी किया गया।

खंडवा को मिली 2 करोड़ की प्रोत्साहन राशि

‘जल संचय–जन भागीदारी’ अभियान की शुरुआत 6 सितंबर 2024 को सूरत में हुई थी, जिसमें हर जिले को न्यूनतम 10,000 संरचनाएँ बनाने का लक्ष्य दिया गया था।
खंडवा ने यह लक्ष्य कई गुना पार करते हुए लगभग 1.3 लाख संरचनाएँ पूरी कीं। इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार की ओर से जिले को 2 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।

एक अधिकारी ने बताया कि यह राशि भविष्य में जल संरक्षण और जिले की विकास परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This