नई दिल्ली: राजधानी से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली बॉर्डर से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी शब्बीर अहमद को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी स्लीपर सेल के रूप में सक्रिय था और विभिन्न स्थानों पर देश विरोधी पोस्टर चिपकाने का काम कर रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने ISI के निर्देश पर एक मॉड्यूल तैयार किया था। फिलहाल स्पेशल सेल उससे गहन पूछताछ कर रही है।
इससे पहले फरवरी 2026 में भी स्पेशल सेल ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया था। उस दौरान तमिलनाडु से 6 और पश्चिम बंगाल से 2 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल थे। जांच में खुलासा हुआ था कि ये सभी ISI के इशारों पर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
फरवरी में ही दिल्ली में संभावित बम धमाकों को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। खुफिया इनपुट में सामने आया था कि आतंकी धार्मिक स्थलों, खासकर मंदिरों को निशाना बना सकते हैं। इसके अलावा लाल किला और चांदनी चौक जैसे संवेदनशील इलाकों पर भी हमले की आशंका जताई गई थी।
जानकारी के मुताबिक, 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद लश्कर द्वारा भारत में हमले की साजिश रची जा रही थी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी राजधानी में आतंकी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें लाल किले के पास हुए धमाके ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उस मामले में तथाकथित ‘डॉक्टर मॉड्यूल’ का खुलासा हुआ था, जिसमें पढ़े-लिखे लोग भी आतंकी गतिविधियों में शामिल पाए गए थे।



