Home » ताजा खबर » दिल्ली में नकली सामान का बड़ा रैकेट उजागर, नामी ब्रांड्स के रैपर में बिक रहा था माल; 4 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में नकली सामान का बड़ा रैकेट उजागर, नामी ब्रांड्स के रैपर में बिक रहा था माल; 4 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की ईस्टर्न रेंज क्राइम ब्रांच ने मिलावटी और नकली ब्रांडेड खाद्य एवं घरेलू उत्पाद बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घी, ईनो, ऑल आउट, वीट और टाटा नमक जैसे नामी ब्रांड्स के नकली उत्पाद बाजार में सप्लाई करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली और एनसीआर में सक्रिय था।

खुफिया सूचना पर की गई कार्रवाई
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि उत्तम नगर इलाके में नकली ब्रांडेड सामान की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाया और संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकली घी, ईनो के सैशे, ऑल आउट, वीट और टाटा नमक बरामद किया गया।

नामी कंपनियों के रैपर में पैकिंग
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन कुमार, रजत सिंघल उर्फ चिंटू, सुरेंद्र गुजर और मुजाहिद उर्फ कार्तिक के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि मिलावटी कच्चे माल से नकली घी तैयार कर उसे नामी कंपनियों के डिब्बों और रैपर में पैक किया जाता था। तैयार माल को गोदामों में रखा जाता और टेंपो व डिलीवरी बॉय के जरिए स्थानीय बाजारों व थोक व्यापारियों तक पहुंचाया जाता था, ताकि किसी को शक न हो।

कंझावला में नकली घी की फैक्ट्री का खुलासा
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कंझावला औद्योगिक क्षेत्र में छापेमारी कर नकली घी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यहां से घी निर्माण और पैकिंग की मशीनें, फर्जी रैपर, खाली डिब्बे और अन्य सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा निलोठी और निहाल विहार इलाकों में भी छापे मारकर नकली टाटा नमक की पैकिंग और भंडारण का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई में हजारों लीटर नकली घी, हजारों ईनो सैशे, सैकड़ों ऑल आउट और वीट के पैकेट तथा कई क्विंटल नकली नमक बरामद किया गया है। संबंधित कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने जांच के बाद सभी उत्पादों को नकली बताया है।

लोगों की सेहत से खिलवाड़
क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और कॉपीराइट एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा था और इससे उपभोक्ताओं के साथ-साथ कंपनियों को भी भारी नुकसान हो रहा था। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This