Home » ताजा खबर » देश में मानसून की दस्तक आज, केरल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; MP-राजस्थान में ओलावृष्टि की चेतावनी

देश में मानसून की दस्तक आज, केरल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; MP-राजस्थान में ओलावृष्टि की चेतावनी

मानसून की दस्तक के साथ बदलेगा मौसम, कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आज केरल के रास्ते भारत में प्रवेश करने की संभावना है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से बना सुहावना मौसम अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी और उमस का असर महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है। वहीं, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तेज आंधी का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी जा सकती है। हल्की बारिश के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

इन राज्यों में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 7 जून के बीच व्यापक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। झारखंड और ओडिशा में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में ओलावृष्टि की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 4 जून को ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दिन के समय गर्मी और उमस बनी रह सकती है। मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, मथुरा और आगरा में तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलने की संभावना है।

हालांकि दोपहर बाद मौसम करवट ले सकता है। कई इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।

वहीं लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, सीतापुर और हरदोई में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This