Home » ताजा खबर » मुंबई को मिला नया नेतृत्व: BJP की रीतू तावड़े होंगी मेयर, शिंदे गुट के संजय घाड़ी डिप्टी मेयर

मुंबई को मिला नया नेतृत्व: BJP की रीतू तावड़े होंगी मेयर, शिंदे गुट के संजय घाड़ी डिप्टी मेयर

मुंबई नगर निगम चुनाव में मेयर और डिप्टी मेयर के नाम तय हो चुके हैं, अब केवल औपचारिक प्रक्रिया पूरी होना बाकी है। इस बार मेयर पद पर बीजेपी का कब्जा होने जा रहा है और पार्टी ने इसके लिए रीतू तावड़े को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। रीतू तावड़े जल्द ही मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगी।

मेयर के नाम की औपचारिक घोषणा से पहले ही बीएमसी परिसर में बीजेपी पार्षदों की मौजूदगी बढ़ गई है। पहली बार बीजेपी का मेयर बनने जा रहा है, ऐसे में बीएमसी स्थित बीजेपी कार्यालय में 10 पंडितों को आमंत्रित किया गया। इस दौरान वेद मंत्रों का उच्चारण और शंखनाद किया गया।

बीजेपी की ओर से रीतू तावड़े महापौर पद के लिए नामांकन भरेंगी, जबकि डिप्टी मेयर पद के लिए शिवसेना (शिंदे गुट) के संजय घाड़ी नामांकन दाखिल करेंगे। संजय घाड़ी का कार्यकाल सवा वर्ष का होगा।

कौन हैं रीतू तावड़े?

रीतू तावड़े घाटकोपर से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। वह इससे पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वर्तमान में वे महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष भी हैं। जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और नागरिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से सुलझाने के लिए उनकी पहचान है।

मराठा समुदाय से होने के बावजूद उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में मजबूत पकड़ बनाई है। उन्होंने वर्ष 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन की थी, जिसके बाद से पार्टी में उनका राजनीतिक कद लगातार बढ़ता गया। रीतू तावड़े बीजेपी की सीनियर कॉर्पोरेटर मानी जाती हैं।

उन्होंने 2012 में वार्ड नंबर 127, 2017 में घाटकोपर के वार्ड नंबर 121, और 2025 में वार्ड नंबर 132 से जीत दर्ज की। वह मुंबई नगर निगम की एजुकेशन कमिटी की चेयरमैन भी रह चुकी हैं और लंबे समय से मेयर पद की मजबूत दावेदार मानी जा रही थीं।

2017 में हुआ था आखिरी मेयर चुनाव

बीएमसी चुनाव 15 जनवरी 2026 को हुए थे, जिसमें बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के महायुति गठबंधन को बहुमत मिला। चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और उसने करीब 89 सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटें मिलीं। कुल मिलाकर महायुति के पास 118 से अधिक सीटें हैं। 227 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए 114 सीटों की आवश्यकता होती है।

बीएमसी में 2017 के बाद पहली बार मेयर का चुनाव हो रहा है। पिछले चार वर्षों से निगम प्रशासक के अधीन था और मेयर का पद खाली था। इस बार मेयर पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है, और लॉटरी प्रक्रिया में रीतू तावड़े का नाम चुना गया

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This