बिना अनुमति NEET प्रदर्शन पर मुंबई पुलिस का एक्शन, 5 दिन में 13 FIR और 400 लोगों पर केस
मुंबई: NEET पेपर लीक के विरोध में मुंबई में हो रहे प्रदर्शनों को लेकर मुंबई पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई से 22 जुलाई के बीच बिना अनुमति प्रदर्शन करने, गैर-कानूनी तरीके से भीड़ जुटाने और सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने के आरोप में 13 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इन मामलों में करीब 400 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शहर के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में दर्ज इन मामलों में कई नामजद आरोपियों को नोटिस जारी कर छोड़ दिया गया है।
दिल्ली के आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन
मुंबई में ये प्रदर्शन नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में आयोजित किए गए। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।
कई स्थानों पर बिना अनुमति प्रदर्शन
मुंबई पुलिस के अनुसार, शिवाजी पार्क, चैत्यभूमि, चेंबूर और शिवसेना भवन सहित कई स्थानों पर बिना पूर्व अनुमति के प्रदर्शन किए गए।
19 जुलाई को शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शिवाजी पार्क में आयोजित एक सभा को संबोधित किया। यह सभा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाए जाने के विरोध में आयोजित की गई थी।
पुलिस ने बताया कि दादर स्थित चैत्यभूमि में हुए बिना अनुमति प्रदर्शन को लेकर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
किन धाराओं में दर्ज हुए मामले?
पुलिस के अनुसार, सभी 13 मामलों में आरोपियों पर सरकारी आदेशों की अवहेलना, गैर-कानूनी रूप से एकत्र होने और सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
बुधवार को मुंबई के विभिन्न इलाकों में हुए प्रदर्शनों के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, चेंबूर स्थित डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर गार्डन में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हुए। बाद में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर स्थानीय थानों में भेज दिया।
हालांकि, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ सख्ती बरती और कुछ लोगों को जबरन पुलिस वाहनों में बैठाकर ले जाया गया।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग
चेंबूर में प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार और कथित पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग वाले पोस्टर और प्लेकार्ड लेकर पहुंचे थे। हिरासत की कार्रवाई के बाद पुलिस ने प्रदर्शन स्थल को खाली करा दिया।
वहीं, दादर स्थित शिवसेना भवन के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग जुटे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी प्रदर्शन स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…





