रांची: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार 17वें दिन भी जारी है। आंदोलन के तहत छात्र आज विधानसभा मार्च निकालेंगे। मार्च से पहले JPSC-JSSC Reform की ओर से धरना दे रहे छात्रों के लिए एक अपील जारी की गई है। इसमें छात्रों से शांतिपूर्ण, अनुशासित और संयमित तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील की गई है। साथ ही स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी स्थिति में पुलिस से झड़प न करें और उपद्रव या अराजकता फैलाने वालों का साथ न दें।
राहगीरों और आम लोगों का रखें ध्यान
अपील में छात्रों से एकजुट होकर शांतिपूर्वक एक स्थान पर रहने की बात कही गई है। विधानसभा मार्च के दौरान सभी छात्रों से एक साथ आगे बढ़ने और अलग-अलग समूहों में भीड़ न लगाने को कहा गया है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को बाधित नहीं करने और राहगीरों व आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न होने देने की अपील की गई है।
शांतिपूर्ण तरीके से निकालें विधानसभा मार्च
आंदोलनकारी छात्रों से बैनर-पोस्टर और नारों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च में शामिल होने की अपील की गई है। अपील में साफ कहा गया है कि पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति के साथ किसी भी तरह की झड़प से बचें। साथ ही उपद्रव या अराजकता फैलाने वाले लोगों का साथ नहीं देने को कहा गया है। यदि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति या अराजकता की आशंका नजर आती है, तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना देने की अपील की गई है।
अफवाहों से बचने और जानकारी सत्यापित करने की सलाह
छात्रों से अपनी मांगों को शांतिपूर्ण और संवेदनशील तरीके से सरकार के सामने रखने की अपील की गई है। संगठन की ओर से कहा गया है कि अब तक छात्रों ने जिस समझदारी और संवेदनशीलता का परिचय दिया है, उसे आगे भी बनाए रखना जरूरी है। छात्रों को किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से मिलने वाली जानकारी को पहले सत्यापित करने की सलाह दी गई है।
अपील में छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और उनकी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के सामने रखने पर जोर दिया गया है। साथ ही आंदोलन के दौरान अनुशासन और संयम बनाए रखने की अपील की गई है।
विधानसभा मार्च को लेकर प्रशासन अलर्ट
छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए गए हैं। पुलिस की ओर से भी छात्रों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।
विधानसभा मार्च की घोषणा के बाद रविवार से ही बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचने लगे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और मार्च के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां की गई हैं।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…






