Home » ताजा खबर » PM मोदी और ट्रंप की जल्द हो सकती है मुलाकात, तीसरे देश में होगी बड़ी बैठक

PM मोदी और ट्रंप की जल्द हो सकती है मुलाकात, तीसरे देश में होगी बड़ी बैठक

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच जल्द ही अहम मुलाकात होने की संभावना है। खास बात यह है कि यह बैठक भारत या अमेरिका में नहीं, बल्कि फ्रांस में आयोजित हो सकती है। दरअसल, जून 2026 में होने वाले G-7 शिखर सम्मेलन में दोनों नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

फ्रांस के आल्प्स क्षेत्र के एवियन-लेस-बेंस शहर में 15 से 17 जून तक G-7 सम्मेलन आयोजित होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वहीं, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फरवरी 2026 में भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। ऐसे में माना जा रहा है कि पीएम मोदी भी फ्रांस यात्रा पर जाएंगे और इसी दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हो सकती है।

इससे पहले पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात 13 फरवरी 2025 को व्हाइट हाउस में हुई थी। अब फ्रांस में संभावित बैठक को लेकर वैश्विक राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, G-7 सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), वैश्विक व्यापार, अपराध नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि इस बैठक में किसी बड़े समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना नहीं है, बल्कि भविष्य की नीतियों और सहयोग के लिए सहमति बनाने पर जोर रहेगा। ईरान से जुड़े मुद्दे भी एजेंडे में शामिल हो सकते हैं, हालांकि ट्रंप का फोकस व्यापार और आर्थिक मामलों पर अधिक रहने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि G-7 दुनिया की सात प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्थाओं का समूह है, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और कनाडा शामिल हैं। इसके अलावा यूरोपीय संघ भी इस मंच का हिस्सा होता है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post