प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्यसभा में विपक्ष के सवालों का एक-एक कर जवाब दिया और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस उनसे नफरत करती है, क्योंकि वह प्रधानमंत्री की कुर्सी को अपनी जागीर मानती रही है। कांग्रेस यह स्वीकार नहीं कर पा रही कि कोई और व्यक्ति लगातार 11 वर्षों से इस पद पर कैसे बना हुआ है।
पीएम मोदी ने ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारों को लेकर भी कांग्रेस पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करती है और उनका जवाब सुनने के बाद कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता अब ऐसे नारे लगाने से पहले सोचेंगे।
‘ये कौन-सी मोहब्बत की दुकान है, जो किसी नागरिक की कब्र खोदने के सपने देखती है?’
राज्यसभा में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “जो लोग मोहब्बत की दुकान खोलने की बात करते हैं, वही ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगा रहे हैं। ये कैसी मोहब्बत है, जो देश के किसी नागरिक की कब्र खोदने के सपने देखती हो?”
पीएम मोदी ने इसके बाद सदन में उन वजहों को गिनाया, जिनके कारण कांग्रेस उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं को उनसे “विशेष प्रेम” है, क्योंकि उन्होंने अनुच्छेद 370 की दीवार गिरा दी। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के लिए मजबूत नींव तैयार की जा रही है, जबकि कांग्रेस ‘मोदी की कब्र खोदने’ के नारे लगवा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नॉर्थ-ईस्ट में जहां पहले बम, बंदूक और आतंक का साया रहता था, वहां आज शांति और विकास का रास्ता अपनाया गया है। यही वजह है कि कुछ लोगों को यह रास नहीं आ रहा।
उन्होंने आगे कहा कि जब पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद को घर में घुसकर जवाब दिया जाता है, ऑपरेशन चलाए जाते हैं और माओवाद व आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते हैं, तो कांग्रेस को परेशानी होती है।
पीएम मोदी ने कहा कि देश के जवानों के लिए संसाधनों के द्वार खोले गए हैं और दशकों पुरानी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। कांग्रेस यह सहन नहीं कर पा रही कि जिन मुद्दों को उसने 60 साल तक पाला-पोसा, उन्हें मोदी सरकार एक-एक कर खत्म कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस इस बात को पचा नहीं पा रही कि प्रधानमंत्री की कुर्सी किसी की पैतृक संपत्ति नहीं है। इसी हताशा और नफरत का नतीजा है कि अब ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगाए जा रहे हैं।



