नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी राष्ट्रपति भवन की ओर से दी गई है। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से दोनों नेताओं की तस्वीरें भी साझा की गई हैं। तस्वीरों में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू को एक साथ बैठकर बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, फिलहाल इस बैठक के उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
राष्ट्रपति मुर्मू से पीएम मोदी की शिष्टाचार मुलाकात
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी की गई तस्वीरों में एक तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति मुर्मू को गुलदस्ता भेंट करते नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में दोनों मुस्कुराते हुए बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण और गर्मजोशी भरी रही।
आज ही राष्ट्रपति ने दिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज ही नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान वीरता, सामाजिक सेवा, खेल, पर्यावरण, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाले 20 बच्चों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने पुरस्कार पाने वाले सभी बच्चों को बधाई दी।
देशभर के बच्चों को मिलेगी प्रेरणा
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि इन बच्चों ने न केवल अपने परिवार और समुदाय, बल्कि पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे प्रोत्साहनात्मक पुरस्कार देशभर के बच्चों को आगे बढ़ने और बेहतर करने की प्रेरणा देंगे।
वीर बाल दिवस के महत्व पर दिया संदेश
वीर बाल दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि किसी भी देश की महानता उसके बच्चों में निहित देशभक्ति और उच्च आदर्शों से तय होती है। उन्होंने बताया कि लगभग 320 वर्ष पहले सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी और उनके चार साहिबजादों ने सत्य और न्याय की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिसे आज भी देश श्रद्धा के साथ स्मरण करता है।






