Vladimir Putin India Visit: पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत, पुतिन को भेंट की गीता
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार को अपने दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। उनके स्वागत के लिए स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट पहुंचे और गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। चार वर्षों के बाद भारत आए पुतिन की यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे भारत-रूस की रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट से दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर प्रधानमंत्री निवास 7, लोक कल्याण मार्ग पहुँचे, जहाँ पुतिन के सम्मान में पीएम मोदी ने रात्रिभोज का आयोजन किया।
पीएम मोदी ने पुतिन को भेंट की गीता की रूसी प्रति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर साझा किया कि उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन को ‘भगवद् गीता’ की रूसी प्रति भेंट की। पीएम मोदी ने लिखा, “गीता की शिक्षाएं दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरणा देती हैं।” यह उपहार इस मुलाकात का एक खास और सांस्कृतिक महत्व वाला क्षण बना।
भारत-अमेरिका तनाव के बीच पुतिन का दौरा और भी अहम
पुतिन की यह यात्रा इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि यह भारत-अमेरिका संबंधों में हालिया तनाव के बीच हो रही है। ऐसे में भारत-रूस के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
दूसरे दिन का कार्यक्रम: राजघाट से लेकर व्यापारिक शिखर सम्मेलन तक
राष्ट्रपति पुतिन के शुक्रवार के कार्यक्रम में कई अहम पड़ाव शामिल होंगे:
-
राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत और गारद ऑफ ऑनर
-
राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि
-
हैदराबाद हाउस में PM मोदी और पुतिन के बीच वन-ऑन-वन बैठक और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता
-
भारत मंडपम में FICCI और भारत-रूस व्यापारिक शिखर सम्मेलन को संबोधन
-
शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राजकीय भोज
रूसी राष्ट्रपति का भारत से प्रस्थान शुक्रवार रात करीब 9 बजे निर्धारित है।





