नई दिल्ली: क्रिसमस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह दिल्ली स्थित कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन पहुंचे, जहां उन्होंने ईसाई समुदाय के साथ प्रार्थना में भाग लिया। इस अवसर पर दिल्ली और उत्तर भारत के ईसाई समुदाय के बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रार्थना सभा के दौरान दिल्ली के बिशप रेव्ह. डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री के लिए विशेष प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा,
“दिल्ली में कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना में हिस्सा लिया। इस प्रार्थना सभा में प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलका। क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और सद्भावना को प्रेरित करे।”
देशवासियों को दीं क्रिसमस की शुभकामनाएं
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ईसा मसीह की शिक्षाएं समाज में सौहार्द और भाईचारे को और मजबूत करेंगी। X पर उन्होंने लिखा,
“शांति, करुणा और आशा से भरे आनंदमय क्रिसमस की सभी को शुभकामनाएं। ईसा मसीह की शिक्षाएं हमारे समाज में सद्भाव को सुदृढ़ करें।”
ईसाई समुदाय से लगातार जुड़ाव
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी पिछले कुछ वर्षों से ईसाई समुदाय से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में नियमित रूप से भाग लेते रहे हैं। वर्ष 2023 में ईस्टर के अवसर पर उन्होंने दिल्ली के सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। उसी वर्ष क्रिसमस पर उन्होंने अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर एक कार्यक्रम की मेजबानी भी की थी।
वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री ने मंत्री जॉर्ज कुरियन के आवास पर आयोजित डिनर और कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता की। सूत्रों के अनुसार, यह ईसाई समुदाय के साथ उनके निरंतर संवाद और जुड़ाव को दर्शाता है।
राहुल गांधी और उपराष्ट्रपति ने भी दी शुभकामनाएं
इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी क्रिसमस के अवसर पर एक वीडियो संदेश साझा किया, जिसमें वह क्रिसमस ट्री के पास खड़े नजर आए। उन्होंने लिखा,
“सभी को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार आपके जीवन में खुशियां, आनंद और समृद्धि लाए और प्रेम व करुणा से भर दे।”
उधर, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने X पर लिखा,
“सभी को आशा, प्रेम और दया से भरे क्रिसमस की शुभकामनाएं। मसीह का संदेश हमें मजबूत और अधिक संवेदनशील समुदाय बनाने की प्रेरणा दे, तथा उनकी शिक्षाएं हमारे संबंधों को सुदृढ़ करें और स्थायी शांति को बढ़ावा दें।”






