Home » ताजा खबर » महाराष्ट्र में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर PM मोदी का पहला बयान, बोले— ‘राज्य के हर नागरिक के लिए…’

महाराष्ट्र में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर PM मोदी का पहला बयान, बोले— ‘राज्य के हर नागरिक के लिए…’

महाराष्ट्र में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के नतीजे रविवार को घोषित कर दिए गए। इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और महायुति गठबंधन (भाजपा, शिवसेना और एनसीपी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रचंड जीत दर्ज की है। मतगणना रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई थी और शुरुआत से ही भाजपा व महायुति ने विपक्ष पर बढ़त बनाए रखी। नतीजों के बाद महायुति खेमे में जश्न का माहौल है।

इस बड़ी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह जन-केंद्रित विकास के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,
“महाराष्ट्र विकास के साथ मजबूती से आगे बढ़ रहा है। नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए मैं महाराष्ट्र की जनता का आभारी हूं। यह जन-केंद्रित विकास के हमारे दृष्टिकोण में जनता के भरोसे को दर्शाता है। हम राज्य के हर नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत करने वाले भाजपा और महायुति के सभी कार्यकर्ताओं की सराहना करता हूं।”

नतीजों पर क्या बोले मुख्यमंत्री फडणवीस?

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुनावी परिणामों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि दोपहर 3 बजे तक मिले रुझानों और परिणामों के अनुसार भाजपा ने इस वर्ष 129 नगर परिषदों (करीब 45 प्रतिशत) में जीत दर्ज की है, जबकि 2017 में यह संख्या 94 थी।

उन्होंने बताया कि महायुति गठबंधन के रूप में कुल 288 नगर परिषदों में से 215 नगर परिषदों (74.65 प्रतिशत) पर जीत हासिल की गई है। नगरसेवकों की संख्या के लिहाज से भाजपा ने 2017 में 1602 सीटें जीती थीं, जो अब बढ़कर 3325 (47.82 प्रतिशत) हो गई हैं। यानी भाजपा ने पिछली बार की तुलना में दोगुनी से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की है।

महायुति की कुल सीटों को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि गठबंधन ने 6952 सीटों में से 4331 सीटें (62.30 प्रतिशत) अपने नाम की हैं।

नगर निगम चुनावों का ट्रेलर है यह जीत

देवेंद्र फडणवीस ने कहा,
“महाराष्ट्र की जनता का आभार, जिन्होंने नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को भारी जनादेश दिया। यह जीत हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत, प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। यह सफलता आगामी नगर निगम चुनावों का सिर्फ एक ट्रेलर है। मैं सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे आने वाले चुनावों में और अधिक मेहनत के साथ पार्टी को बड़ी जीत दिलाने के लिए जुट जाएं।”

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This