उत्तरी भारत में ठंड का कहर लगातार बढ़ रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी जारी है और आने वाले दिनों में इसके तेज होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तीन राज्यों में बारिश और कई शहरों में कड़ाके की ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक दिल्ली, नोएडा, देहरादून और शिमला सहित कई शहरों में तापमान और नीचे जाएगा।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। हाल ही में चक्रवात ‘दित्वा’ के चलते तमिलनाडु में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई थी, जिसकी रुक-रुककर जारी रहने की संभावना है।
इन शहरों में गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ, शिमला, नैनीताल, जयपुर, पटना, दिल्ली और मनाली जैसे प्रमुख शहरों में सुबह और रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलेगी। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही हल्की बर्फबारी आगे और बढ़ सकती है।
जल्द चलेगी शीत लहर
दिल्ली-एनसीआर में अभी कड़ाके की ठंड भले ही न पड़ी हो, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में तेज गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में शीत लहर चलेगी। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।






