Home » ताजा खबर » IPL 2026 के बाद शादी के बंधन में बंधेंगे रिंकू सिंह, प्रिया सरोज संग सात फेरे की तैयारी

IPL 2026 के बाद शादी के बंधन में बंधेंगे रिंकू सिंह, प्रिया सरोज संग सात फेरे की तैयारी

भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह जल्द ही मैदान के बाहर अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के जौनपुर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ उनका विवाह अब जून 2026 में होने वाला है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और IPL के व्यस्त कार्यक्रम के चलते शादी की तारीख पहले कई बार बदली गई, लेकिन अब परिवार ने इसे अंतिम रूप दे दिया है। परिजनों के अनुसार, क्रिकेट सीजन समाप्त होने के बाद ही शादी करने का फैसला लिया गया है, ताकि रिंकू सिंह इस खास मौके को पूरा समय दे सकें।

लखनऊ में हुई थी हाई-प्रोफाइल सगाई

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। यह समारोह खेल और राजनीति जगत की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी के कारण काफी चर्चा में रहा। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला समेत कई सांसद और विधायक शामिल हुए थे। सगाई के बाद पहले शादी की तारीख 18 नवंबर 2025 तय की गई थी, लेकिन व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल के कारण इसे टालना पड़ा। इसके बाद फरवरी 2026 पर विचार हुआ, मगर उसी दौरान T20 वर्ल्ड कप और फिर IPL के आयोजन के चलते योजना में फिर बदलाव करना पड़ा।

अलीगढ़ में रिसेप्शन की संभावना

रिंकू सिंह के बड़े भाई सोनू सिंह के मुताबिक, शादी के स्थान को लेकर अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा। फिलहाल लखनऊ और वाराणसी संभावित स्थानों में शामिल हैं। वहीं, शादी के बाद अलीगढ़ में भव्य रिसेप्शन आयोजित होने की संभावना जताई जा रही है, जिसमें राजनीति, क्रिकेट, फिल्म और सामाजिक जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

IPL से मिली देशव्यापी पहचान

रिंकू सिंह को IPL 2023 के दौरान देशभर में पहचान मिली, जब उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ यश दयाल की गेंदों पर लगातार पांच छक्के लगाकर इतिहास रच दिया था। इस प्रदर्शन के बाद उन्होंने टीम इंडिया में जगह बनाई। अब क्रिकेट के इस चमकते सितारे और राजनीति से जुड़े परिवार के इस रिश्ते पर फैंस के साथ-साथ सियासी गलियारों की भी नजरें टिकी हुई हैं।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This