हिमाचल में HRTC कर्मचारियों की हड़ताल का ऐलान, 24 जून की रात से बस सेवाएं हो सकती हैं ठप
शिमला: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के कर्मचारियों और प्रदेश सरकार के बीच मंगलवार को हुई वार्ता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। लंबित मांगों को लेकर आयोजित बैठक बेनतीजा रहने के बाद कर्मचारी यूनियन ने 24 जून की रात 12 बजे से प्रदेशव्यापी हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। हड़ताल होने की स्थिति में राज्यभर में बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
लंबित भत्तों के भुगतान की मांग
कर्मचारी यूनियन का आरोप है कि निगम कर्मचारियों के विभिन्न लंबित भत्तों के करीब 100 करोड़ रुपये का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है। यूनियन ने इस मुद्दे के समाधान के लिए सरकार को पहले ही 24 जून तक का समय दिया था। हालांकि निर्धारित समय सीमा तक कोई ठोस निर्णय नहीं होने के कारण कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है।
सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप
यूनियन अध्यक्ष मान सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ कर्मचारियों की मांगों को लेकर बैठक हुई थी, लेकिन बातचीत के दौरान कोई सहमति नहीं बन सकी। उनका आरोप है कि सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने अपने हालिया तबादले को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की।
24 जून की रात से हड़ताल की चेतावनी
यूनियन ने साफ कहा है कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो 24 जून की रात 12 बजे से प्रदेशभर में HRTC बसों का संचालन प्रभावित होगा। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी लंबित मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
हड़ताल की घोषणा के बाद प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। खासकर रोजाना बसों से सफर करने वाले यात्रियों और दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ सकती है।






