Home » ताजा खबर » साकेत बिल्डिंग हादसा: मौत का आंकड़ा 4 पहुंचा, CM रेखा गुप्ता ने लिया जायजा, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

साकेत बिल्डिंग हादसा: मौत का आंकड़ा 4 पहुंचा, CM रेखा गुप्ता ने लिया जायजा, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

साकेत बिल्डिंग हादसा: 4 की मौत, CM रेखा गुप्ता ने किया दौरा, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

दिल्ली के दक्षिणी क्षेत्र साकेत में शनिवार को हुए दर्दनाक भवन हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सरकार ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और पुलिस ने भी आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।

साकेत मेट्रो स्टेशन के पास स्थित तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत शनिवार को अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

लापरवाही पर MCD के दो इंजीनियर निलंबित

हादसे के बाद कार्रवाई करते हुए एमसीडी ने दक्षिण जोन के सहायक अभियंता (बिल्डिंग) सुदेश सिंह चौहान और कनिष्ठ अभियंता (बिल्डिंग) अमन जैन को निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों पर इमारत की निगरानी में लापरवाही बरतने का आरोप है।

अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। वहीं क्षेत्र में अवैध निर्माण और इमारतों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सभी अवैध इमारतों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को आसपास की जर्जर और खतरनाक इमारतों का तत्काल सर्वेक्षण कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।

युद्धस्तर पर जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने बताया कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ राहत कार्य में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि उपलब्ध सभी संसाधनों को मौके पर लगाया गया है और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This