दिल्ली में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) शुरू, जानिए पूरी प्रक्रिया और अहम तारीखें
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है। आयोग ने SIR की विस्तृत प्रक्रिया और समय-सीमा भी जारी कर दी है। चुनाव आयोग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।
आयोग के अनुसार, दिल्ली में SIR के तहत घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य 30 जून से 29 जुलाई तक किया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्रत्येक मतदाता का सत्यापन करेंगे।
SIR की पूरी प्रक्रिया
- अभियान का उद्देश्य: कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो।
- 30 जून से 29 जुलाई तक BLO घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
- प्रत्येक मौजूदा मतदाता को एन्यूमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां दी जाएंगी।
- मतदाताओं को एक फॉर्म भरकर BLO को वापस देना होगा और उसकी रसीद (Acknowledgement) प्राप्त करनी होगी।
- यदि किसी घर पर ताला मिलता है, तो BLO कम से कम तीन बार उस पते पर दोबारा जाएंगे।
- 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
- 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।
- सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 3 अक्टूबर तक किया जाएगा।
- 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
दिल्ली में वर्तमान मतदाताओं के आंकड़े
- कुल मतदाता: 1,45,10,298
- पुरुष मतदाता: 77,11,132
- महिला मतदाता: 67,98,142
- थर्ड जेंडर मतदाता: 1,024
- दिव्यांग (PWD) मतदाता: 76,155
- 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाता: 3,29,130
- 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के मतदाता: 192
- कुल पोलिंग स्टेशन: 13,033





