पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बुधवार देर रात Suvendu Adhikari के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना North 24 Parganas के मध्यग्राम इलाके में हुई, जिसके बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
जांच के लिए SIT का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। जानकारी के मुताबिक, इस टीम की कमान IG रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है। SIT में विभिन्न जिलों और यूनिट के पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है, जो पूरे हत्याकांड और उसके पीछे की साजिश की जांच करेंगे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि मुख्य शूटर अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। बताया जा रहा है कि तीन स्थानीय हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ की जा रही है, जिन पर हमलावरों की मदद करने का शक है।
कैसे हुई वारदात?
जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ बुधवार रात करीब 10:30 बजे Kolkata से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो दोहरिया इलाके में पहुंची, पीछे से आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर लिया। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने स्कॉर्पियो के बाईं ओर से चंद्रनाथ रथ पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
हमले में चंद्रनाथ रथ के सीने, पेट और चेहरे पर कई गोलियां लगीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हमले में उनके ड्राइवर को भी गोली लगी है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। ड्राइवर को इलाज के लिए कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।






