Home » ताजा खबर » कभी शादी में शामिल होना था, तो कोई इलाज के लिए निकला… फ्लाइट कैंसिल होते ही यात्री परेशान, आखिर IndiGo में अचानक क्या हुआ?

कभी शादी में शामिल होना था, तो कोई इलाज के लिए निकला… फ्लाइट कैंसिल होते ही यात्री परेशान, आखिर IndiGo में अचानक क्या हुआ?

इंडिगो एयरलाइंस में ऑपरेशनल टर्बुलेंस का सिलसिला लगातार चौथे दिन भी थमता नजर नहीं आया। आज देश के विभिन्न एयरपोर्ट्स पर इंडिगो की 600 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं, कई का शेड्यूल बदल दिया गया और सैकड़ों फ्लाइट्स देरी से रवाना हुईं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की भारी भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो के काउंटर्स पर लंबी कतारें सुबह से ही लगी रहीं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घंटों तक अपनी उड़ान का इंतजार करते रहे। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद जब फ्लाइट्स रवाना नहीं हुईं, तो यात्रियों और कर्मचारियों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई।

घंटों इंतजार में फंसे यात्री

दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों ने इंडिगो पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वे घंटों से एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे, लेकिन उन्हें न तो समय पर मैसेज मिला और न ही रद्दीकरण की स्पष्ट जानकारी। कई यात्रियों के बैग पहले ही चेक-इन हो चुके थे। किसी को शादी में शामिल होना था, तो कोई नौकरी या इलाज के लिए निकला था, लेकिन सभी एयरपोर्ट पर ही फंसे रह गए। इस बीच कई अन्य एयरलाइनों ने भी टिकटों के दाम बढ़ा दिए, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।

आखिर संकट की असली वजह क्या है?

इंडिगो ने अपने आधिकारिक बयान में तकनीकी खराबी, खराब मौसम, अत्यधिक संख्या में यात्रियों और क्रू की कमी को जिम्मेदार बताया है। लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार असली समस्या DGCA के नए नियमों से जुड़ी है।
DGCA ने 1 नवंबर से नया रोस्टर सिस्टम लागू किया है, जिसके तहत पायलट और क्रू मेंबर्स को अधिक आराम देने के लिए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन में बदलाव किए गए हैं। नवंबर में इसी वजह से इंडिगो को 1232 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। चूंकि इंडिगो के पास फ्लाइट्स ज्यादा हैं और क्रू कम, इसलिए शेड्यूल बनाना चुनौतीपूर्ण हो गया है, जिसके कारण बड़े पैमाने पर उड़ानों की कैंसिलेशन हो रही है।
कुछ एविएशन एक्सपर्ट्स का दावा है कि इंडिगो ने जानबूझकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए यह स्थिति पैदा की है।

इंडिगो ने DGCA को सौंपी रिपोर्ट

फ्लाइट कैंसिलेशन के मामले पर इंडिगो ने DGCA को अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी है। DGCA ने एयरलाइन को जल्द से जल्द हालात सामान्य करने का निर्देश दिया है और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि संकट के दौरान टिकटों की कीमतें न बढ़ें।
इंडिगो की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि अगले 48 घंटों में स्थिति में सुधार होगा। एयरलाइन के CEO पीटर एल्बर्स ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य ऑपरेशंस को जल्द सामान्य करना और समय की पाबंदी के अपने रिकॉर्ड को बहाल करना है, हालांकि यह आसान काम नहीं है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This