दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता गंभीर स्तर पर पहुंच गई है। राजधानी दिल्ली स्मॉग की घनी चादर में लिपटी हुई है, जिससे लोगों को सांस लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 498 तक पहुंच गया, जबकि शाम तक यह 427 दर्ज किया गया। पूरे दिन शहर की हवा “गंभीर” श्रेणी में बनी रही। जहरीली धुंध के कारण कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो गई।
कम विजिबिलिटी का सीधा असर हवाई यातायात पर पड़ा। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट से 228 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 5 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा।
दिल्ली एयरपोर्ट पर हंगामा, यात्री परेशान
दिल्ली एयरपोर्ट देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है, जहां रोजाना करीब 1,300 उड़ानों का संचालन होता है। इंडिगो एयरलाइंस ने बताया कि सुबह के समय बेहद कम दृश्यता के कारण एयर ट्रैफिक प्रभावित हुआ, जिसके चलते पूरे दिन सुरक्षित संचालन बनाए रखने के लिए कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई यात्री घंटों तक फंसे रहे और अपने सामान के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
मशहूर इतिहासकार के बेटे ने जताई नाराजगी
प्रसिद्ध इतिहासकार विलियम डेलरिम्पल के बेटे सैम डेलरिम्पल 12 घंटे तक दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे रहे। उन्होंने एयर इंडिया की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि एयरपोर्ट पर पूरी तरह अव्यवस्था का माहौल है। उन्होंने बताया कि सुबह 6 बजे की हैदराबाद फ्लाइट के लिए वे सुबह 3 बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे, लेकिन फ्लाइट AI 2513 को एक-एक घंटे करके 12 घंटे तक लेट किया गया और अंत में रद्द कर दिया गया। सैम ने कहा कि उन्हें फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी भी ऐप में लॉग इन करने के बाद मिली, जबकि यात्रियों को सूचित करने के लिए कोई स्टाफ मौजूद नहीं था।
एयर इंडिया ने कई उड़ानें की रद्द
मंगलवार सुबह घने कोहरे की आशंका को देखते हुए एयर इंडिया ने कुछ उड़ानों को रद्द करने का फैसला लिया। एयरलाइन ने बताया कि सुरक्षा कारणों और यात्रियों को लंबे इंतजार से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है। एयर इंडिया ने दिनभर के लिए लगभग 40 आगमन और प्रस्थान उड़ानों की सूची जारी की है, जिन्हें रद्द किया गया है। कंपनी ने यह भी कहा कि उसने ‘फॉग केयर प्रोग्राम’ सक्रिय कर दिया है, जिसके तहत प्रभावित यात्रियों को पहले से सूचना दी जा रही है और उन्हें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के मुफ्त रीशेड्यूलिंग या पूरा रिफंड दिया जा रहा है।
नर्सरी से कक्षा 5 तक ऑनलाइन पढ़ाई
बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने नर्सरी से लेकर कक्षा 5 तक के सभी छात्रों के लिए केवल ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्णय लिया है। अब अभिभावकों के पास फिजिकल या वर्चुअल क्लास चुनने का विकल्प नहीं रहेगा।






