चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद तमिलगा वेत्त्री कज़गम (TVK) से जुड़ी बड़ी राजनीतिक हलचल सामने आई है। पार्टी प्रमुख विजय आज राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करने जा रहे हैं। इस बीच कांग्रेस ने दो मंत्री पदों की मांग के साथ TVK को समर्थन देने का फैसला किया है। TNCC कार्यालय में बैठक के बाद कांग्रेस के 5 विधायक विजय से मुलाकात कर राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपेंगे।
कांग्रेस के इस फैसले से डीएमके नाराज हो गई है। पार्टी ने इसे ‘गद्दारी’ करार देते हुए 2029 के लोकसभा चुनाव में परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। वहीं एआईएडीएमके के कुछ विधायकों ने महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी से TVK को बाहर से समर्थन देने की अपील की है, जिस पर आज फैसला संभव है।
वाम दलों ने समर्थन को लेकर 8 मई तक का समय मांगा है, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के दो विधायकों ने डीएमके गठबंधन के साथ बने रहने का निर्णय लिया है।
सीटों के लिहाज से TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इसके बाद DMK को 59, AIADMK को 47, कांग्रेस को 5 और पट्टाली मक्कल कच्ची को 4 सीटें मिली हैं।
राज्य में 23 अप्रैल को मतदान हुआ था और 4 मई को नतीजे घोषित किए गए। नई पार्टी TVK ने अपने पहले ही चुनाव में स्थापित दलों को पीछे छोड़कर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया है। अब सबकी नजर इस पर है कि विजय जनता की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं।




