नई दिल्ली: संसद में आज एक बार फिर जोरदार हंगामे के आसार बनते दिख रहे हैं। जहां एक ओर आम बजट पर चर्चा की शुरुआत होनी है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष भारत-अमेरिका ट्रेड डील और असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा के कथित वीडियो को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है। इसी सिलसिले में बुधवार सुबह 10 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी सांसदों की बैठक हुई।
ट्रेड डील पर विपक्ष का तीखा रुख
भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों का आरोप है कि इस समझौते में मोदी सरकार ने अमेरिकी हितों के सामने समझौता किया है। हालांकि वाणिज्य मंत्री इस मुद्दे पर पहले ही सरकार का पक्ष रख चुके हैं, लेकिन विपक्ष इस पर सदन में विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और माणिकम टैगोर ने इस विषय पर स्थगन प्रस्ताव भी दिया था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद संसद में हंगामे की संभावना जताई जा रही है।
असम सीएम के कथित वीडियो पर विवाद
ट्रेड डील के अलावा असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा के कथित वीडियो को लेकर भी सदन में विवाद गहराने की आशंका है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो असम भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया गया था, जिसमें प्रतीकात्मक रूप से मुसलमानों पर गोली चलाने का दृश्य दिखाया गया था। विरोध के बाद वीडियो को हटा लिया गया, लेकिन कांग्रेस ने इसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए सरकार की नैतिकता पर सवाल उठाए हैं।
खरगे के आवास पर विपक्षी नेताओं की बैठक
संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक हुई। बैठक में बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने की साझा रणनीति पर चर्चा की गई। गौरतलब है कि संसद में आज से बजट पर औपचारिक चर्चा शुरू हो रही है। इससे पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान भी सदन में भारी हंगामा देखने को मिला था, जिसके चलते लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना जवाब नहीं दे सके थे।






