दिल्ली सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए ट्रांसजेंडर समुदाय को बड़ी राहत दी है। अब महिलाओं की तरह ही ट्रांसजेंडर व्यक्ति भी दिल्ली की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और परिवहन विभाग की सभी बस सेवाओं में यह सुविधा लागू होगी।
DTC और क्लस्टर बसों में मिलेगा लाभ
इस फैसले के बाद दिल्ली में रहने वाले पात्र ट्रांसजेंडर यात्री DTC और क्लस्टर बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगे। यह व्यवस्था ठीक उसी तरह होगी जैसे फिलहाल महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।
सुरक्षित और आसान सफर की पहल
सरकार का कहना है कि यह कदम सामाजिक समावेशन और समान अधिकारों को बढ़ावा देने की दिशा में उठाया गया है। इसका मकसद ट्रांसजेंडर समुदाय को आर्थिक बोझ से मुक्त कर सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना को महिलाओं की फ्री यात्रा योजना की तरह ही लागू किया जाएगा, जिसमें वही प्रक्रिया और सिस्टम अपनाया जाएगा।
समावेशी दिल्ली की ओर कदम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार एक ऐसी दिल्ली बनाना चाहती है जहां हर नागरिक को बराबरी, सम्मान और बेहतर सुविधाएं मिलें। यह फैसला सामाजिक न्याय को मजबूत करने और राजधानी में समावेशी सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



