अमेरिका-ईरान तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा ऐलान, 6 अप्रैल तक टाली एनर्जी प्लांट पर कार्रवाई
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनावपूर्ण हालात के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिकी सेना अगले 10 दिनों तक ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर कोई हमला नहीं करेगी।
ट्रंप ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने लिखा कि ईरानी सरकार के अनुरोध पर एनर्जी प्लांट पर प्रस्तावित कार्रवाई को 6 अप्रैल 2026, रात 8 बजे (ईस्टर्न टाइम) तक के लिए स्थगित किया जा रहा है।
ईरान के अनुरोध पर टली कार्रवाई
बताया जा रहा है कि ईरान ने अमेरिका से अतिरिक्त समय की मांग की थी, जिसके बाद ट्रंप ने यह फैसला लिया। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि ईरान के साथ बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है, इसलिए सैन्य कार्रवाई को फिलहाल टाल दिया गया है।
टैंकरों को दी गई अनुमति का दावा
इसी बीच ट्रंप ने एक और बड़ा दावा किया है। उनके मुताबिक, ईरान ने अमेरिका को एक तरह का “तोहफा” देते हुए होर्मुज स्ट्रेट से 10 टैंकरों के गुजरने की अनुमति दी है। इनमें से 8 टैंकर रवाना हो चुके हैं, जबकि 2 और भेजे जाने की बात कही गई है।
ट्रंप के अनुसार, इन टैंकरों पर पाकिस्तानी झंडे लगे हैं और वे जल्द ही अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर है और यह संघर्ष 28वें दिन में प्रवेश कर चुका है। हालांकि, बातचीत के दावों के बीच भी हालात पूरी तरह शांत नहीं हुए हैं।




