India-EU ट्रेड डील: अमेरिकी सांसद का बड़ा बयान, बोले – ‘भारत सबसे बड़ा विजेता’
भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सांसद जेमिसन ग्रीर ने बड़ा बयान दिया है। ग्रीर ने बुधवार को कहा कि भारत इस ट्रेड डील से सबसे बड़ा लाभार्थी बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली ने मार्केट एक्सेस और इमिग्रेशन के अवसरों में महत्वपूर्ण फायदे हासिल किए हैं।
ग्रीर ने कहा, “इस डील में भारत टॉप पर रहा है। उन्हें यूरोप में ज्यादा मार्केट एक्सेस और इमिग्रेशन मिलेगा। भारत इस डील से बहुत फायदा उठाने वाला है।”
भारतीय आयात पर अतिरिक्त टैरिफ जारी
ग्रीर ने यह भी बताया कि भारतीय इंपोर्ट पर अतिरिक्त टैरिफ अभी भी लागू हैं। उन्होंने कहा कि भले ही भारत ने रूसी कच्चे तेल की खरीद कम करने में प्रगति की हो, फिर भी अतिरिक्त 25% ड्यूटी बनी हुई है, जिससे भारतीय सामानों पर कुल टैरिफ 50% हो गया है।
‘रूस के साथ एनर्जी संबंध खत्म करना होगा मुश्किल’
ग्रीर ने कहा कि भारत के लिए रूस के साथ एनर्जी संबंध पूरी तरह से समाप्त करना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा, “भारत को रूसी तेल से मिलने वाला डिस्काउंट पसंद है, और वॉशिंगटन इस पर करीब से नजर रख रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने भारतीय समकक्ष के साथ लगातार संपर्क में हैं।
स्कॉट बेसेंट के बयान से अलग
ग्रीर की टिप्पणियाँ अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट द्वारा दावोस 2026 में दिए गए बयान से अलग हैं। बेसेंट ने कहा था कि भारतीय सामानों पर टैरिफ भविष्य में कम किए जा सकते हैं।
मंत्री हरदीप सिंह पुरी का बयान
हाल ही में भारत के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने CNBC को बताया था कि नई दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच ट्रेड डील एडवांस्ड स्टेज में है और इसे लेकर दोनों देशों में सकारात्मक बातचीत चल रही है।






