वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंपों से दहशत, सुनामी अलर्ट जारी
काराकास: वेनेजुएला में बुधवार शाम कुछ ही मिनटों के अंतराल पर आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी दहशत फैला दी। भूकंप के झटकों के बाद कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जबकि लोगों को घरों और दफ्तरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। हालात को देखते हुए सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जिसका केंद्र कैरेबियन तट पर स्थित मोरोन क्षेत्र से पश्चिम की ओर था। इसकी गहराई करीब 13 किलोमीटर दर्ज की गई। इसके कुछ ही मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। दूसरे भूकंप का केंद्र मोरोन से लगभग 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में और गहराई करीब 10 किलोमीटर बताई गई।
काराकास में हिली इमारतें, कई स्थानों पर नुकसान
राजधानी काराकास में भूकंप के तेज झटकों से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई इमारतें जोर से हिलने लगीं, जबकि कुछ स्थानों पर दीवारें ढह गईं। कई इलाकों में धूल के गुबार उठते देखे गए और लोगों ने खुले स्थानों में शरण ली।
सुनामी की चेतावनी जारी
भूकंप के बाद अमेरिकी पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
कई लोग घायल, बाहर रहने की अपील
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने बताया कि भूकंप के झटके देश के कई राज्यों में महसूस किए गए हैं। राजधानी के अल्तामिरा क्षेत्र में कुछ इमारतों और मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। उन्होंने लोगों से आफ्टरशॉक्स की आशंका को देखते हुए फिलहाल घरों के बाहर रहने की अपील की है।
कैबेलो ने कहा कि राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात कर दिए गए हैं और आपातकालीन सेवाएं लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने नागरिकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने की अपील की। साथ ही वाहन चालकों से कहा गया है कि वे एम्बुलेंस और राहत वाहनों के लिए रास्ता खाली रखें।
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






