नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के चर्चित उन्नाव रेप केस में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर को दी गई जमानत के खिलाफ सीबीआई ने शीर्ष अदालत में याचिका दायर की है। इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ करेगी।
पीड़िता ने CBI ऑफिस पहुंचकर दी आपत्ति
शनिवार को रेप पीड़िता दिल्ली स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंची, जहां उसने कुलदीप सिंह सेंगर को मिली जमानत के खिलाफ औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई। दिल्ली हाईकोर्ट ने 23 दिसंबर को सेंगर को सशर्त जमानत दी थी, जिसके बाद से इस फैसले का लगातार विरोध हो रहा है।
जमानत के खिलाफ जारी प्रदर्शन
जमानत मिलने के बाद से रेप पीड़िता, उसकी मां और सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना दिल्ली में धरने पर बैठी हैं। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सुप्रीम कोर्ट कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत को रद्द करे।
सीजेआई की अध्यक्षता वाली पीठ करेगी सुनवाई
इस मामले की सुनवाई आज सुप्रीम कोर्ट की पीठ करेगी, जिसमें मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के साथ न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह शामिल हैं। सीबीआई की याचिका के अलावा, सुप्रीम कोर्ट के वकील अंजले पटेल और पूजा शिल्पकार द्वारा दायर एक अलग याचिका पर भी सुनवाई होगी, जिसमें दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई है।
हाईकोर्ट ने दी थी जमानत
दिल्ली हाईकोर्ट ने 23 दिसंबर को अपने आदेश में कुलदीप सिंह सेंगर की सजा को निलंबित करते हुए उसे जमानत पर रिहा करने की अनुमति दी थी। अदालत ने अपने फैसले में यह भी उल्लेख किया था कि सेंगर 2017 के उन्नाव बलात्कार मामले में पहले ही करीब सात साल पांच महीने की सजा काट चुका है।






