लखनऊ: यूपी में SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की व्यापक मुहिम शुरू कर दी है। ड्राफ्ट लिस्ट के मुताबिक 2.89 करोड़ वोटरों के नाम कटे हैं। अब पार्टी का लक्ष्य एक महीने के भीतर करीब 4 करोड़ नए वोटर जोड़ने का है।
सीएम योगी ने की वर्चुअल बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के सभी मंत्रियों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक लाख नए वोटर जोड़े जाएं। इस तरह एक महीने में चार करोड़ नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है।
मृत घोषित वोटरों की दोबारा जांच के निर्देश
बैठक में बताया गया कि नई ड्राफ्ट लिस्ट के अनुसार प्रदेश में 46.23 लाख वोटरों की मृत्यु दर्शाई गई है। मुख्यमंत्री ने पार्टी के मंत्रियों, विधायकों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को इन आंकड़ों की दोबारा जांच करने को कहा, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की पुष्टि की जा सके। साथ ही सभी मंत्रियों को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लखनऊ में सबसे ज्यादा वोट कटे
प्रदेश में सबसे ज्यादा वोट कटौती लखनऊ में दर्ज की गई है, जहां करीब 30 फीसदी वोट कम हुए हैं। लखनऊ में 12 लाख से अधिक वोटरों के नाम ड्राफ्ट लिस्ट से हटाए गए हैं। शहर की नौ विधानसभा सीटों में वोटर ड्राफ्ट लिस्ट की फोटोकॉपी तैयार कर घर-घर जाकर छूटे हुए मतदाताओं की पहचान की जा रही है।
फॉर्म 6 भरवाने पर जोर
बीजेपी के लखनऊ जिला अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार, कई लोग लखनऊ में रहते हैं लेकिन उनका नाम अब भी गांव की वोटर लिस्ट में दर्ज है। ऐसे मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। वहीं, जिन लोगों ने लापरवाही में आवेदन नहीं किया, उनसे फॉर्म 6 भरवाया जा रहा है।
घर-घर चल रहा अभियान
लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र में पार्षद अपनी टीम के साथ घर-घर जाकर नए वोटरों को जोड़ने में जुटे हैं। टीम के पास ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की कॉपी है, जिसके आधार पर छूटे हुए मतदाताओं की पहचान की जा रही है।






