अमेरिका में वीज़ा इंटरव्यू पर रोक, ट्रंप प्रशासन ने क्यों लिया बड़ा फैसला? जानिए पूरी वजह
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने दुनियाभर में स्थित अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में वीज़ा अपॉइंटमेंट रोकने या उन्हें रीशेड्यूल करने का फैसला किया है। अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, सभी विदेशी राजनयिक केंद्रों में एक ग्लोबल ट्रेनिंग प्रोग्राम लागू किया जा रहा है। इसी के चलते वीज़ा सेवाओं से जुड़े कुछ अपॉइंटमेंट में बदलाव किया जा रहा है। हालांकि, यह प्रक्रिया कितने समय तक चलेगी, इसकी कोई निश्चित समय-सीमा अभी नहीं बताई गई है।
क्यों रोके जा रहे हैं वीज़ा अपॉइंटमेंट?
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, इस ट्रेनिंग का उद्देश्य कॉन्सुलर अधिकारियों को वीज़ा आवेदकों का अधिक व्यापक और एकसमान तरीके से मूल्यांकन करने में सक्षम बनाना है। अधिकारियों को ऐसे आवेदकों की पहचान करने के लिए भी प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिनके भविष्य में अमेरिकी सरकारी सुविधाओं पर निर्भर होने की संभावना मानी जा सकती है।
वीज़ा अपॉइंटमेंट में बदलाव की खबर सबसे पहले फाइनेंशियल टाइम्स ने दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ ऐसे आवेदकों को ईमेल भेजे गए हैं, जिन्होंने अमेरिकी दूतावासों या वाणिज्य दूतावासों में इमिग्रेंट वीज़ा इंटरव्यू के लिए अपॉइंटमेंट लिया था। उन्हें बताया गया है कि उनका इंटरव्यू रीशेड्यूल किया जा रहा है और नई तारीख की जानकारी बाद में दी जाएगी।
ट्रंप प्रशासन की इमिग्रेशन पॉलिसी पर सख्ती
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका की इमिग्रेशन नीति को लेकर काफी सख्त रुख अपनाया हुआ है। प्रशासन की ओर से अवैध प्रवासियों के डिपोर्टेशन के साथ-साथ वीज़ा और ग्रीन कार्ड की समीक्षा तथा कई मामलों में आवेदनों को खारिज करने की प्रक्रिया भी तेज की गई है।
इसके अलावा, ट्रंप प्रशासन करीब 2 लाख विदेशी नागरिकों के B1 और B2 वीज़ा की समीक्षा कर रहा है। इनमें ऐसे लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने अमेरिका पहुंचने के बाद असाइलम के लिए आवेदन किया है या जिनकी असाइलम प्रक्रिया अभी चल रही है।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) को मिले अमेरिकी विदेश विभाग के दस्तावेजों और अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, 2016 से 2026 के बीच जारी किए गए B1 और B2 वीज़ा की समीक्षा की जा रही है। हालांकि, समीक्षा पूरी होने तक इस संख्या में बदलाव की संभावना भी जताई गई है, क्योंकि पूरी प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी।
#USVisa #TrumpAdministration #VisaInterview #USVisaUpdate #AmericaVisa #VisaAppointment #USImmigration
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…







