प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को लोकसभा में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित विशेष चर्चा की शुरुआत करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय गीत से जुड़े कई महत्वपूर्ण और कम ज्ञात पहलुओं के उजागर होने की संभावना है। लोकसभा में इस विषय पर 10 घंटे की चर्चा सूचीबद्ध की गई है, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दूसरे वक्ता होंगे। कांग्रेस की ओर से उपनेता गौरव गोगोई, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई सांसद भी बहस में हिस्सा लेंगे। यह विशेष चर्चा बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित और जदुनाथ भट्टाचार्य द्वारा संगीतबद्ध वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के तहत वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों का हिस्सा है।
हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि 1937 में उसने इस गीत से प्रमुख छंदों को हटाकर विभाजन की नींव रखी। सात नवंबर को मोदी ने वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के समारोहों की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य युवाओं और छात्रों में इस गीत के महत्व को रेखांकित करना है।
राज्यसभा में अमित शाह करेंगे शुरुआत
अधिकारियों के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को राज्यसभा में इस चर्चा का प्रारंभ करेंगे। राज्यसभा में दूसरे वक्ता स्वास्थ्य मंत्री और सदन के नेता जे. पी. नड्डा होंगे।
चुनाव सुधारों पर भी बहस
लोकसभा में मंगलवार और बुधवार को चुनाव सुधारों, विशेष रूप से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), पर विस्तृत चर्चा होगी। राज्यसभा में यह बहस बुधवार और गुरुवार को आयोजित की जाएगी। शीतकालीन सत्र के पहले दो दिनों में विपक्ष के विरोध के चलते SIR पर चर्चा प्रभावित हुई थी।
विपक्ष के प्रमुख वक्ता
लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा के दौरान कांग्रेस से गौरव गोगोई और प्रियंका गांधी मुख्य वक्ता होंगे। चुनाव सुधारों पर अगले दिन राहुल गांधी अपनी बात रखेंगे। इसके अलावा कांग्रेस के अन्य वक्ताओं में दीपेंद्र हुड्डा, बिमोल अकोईजाम, प्रणीति शिंदे, प्रशांत पडोले, किरण रेड्डी व अन्य शामिल होंगे। चुनाव सुधारों पर के. सी. वेणुगोपाल, मनीष तिवारी, वर्षा गायकवाड़, इमरान मसूद सहित कई सांसद बोलेंगे।
राज्यसभा में तीन दिनों तक दोनों विषयों पर चर्चा जारी रहेगी, जहाँ विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे भी भाग लेंगे।






