वाराणसी में गंगा नदी के भीतर नाव पर इफ्तार पार्टी करने का एक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात मुस्लिम युवकों के खिलाफ कोतवाली थाने में धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मुकदमा दर्ज किया है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि युवकों ने रमजान के दौरान नाव पर इफ्तार करते हुए चिकन बिरयानी खाई और उसकी हड्डियां पवित्र गंगा नदी में फेंक दीं। शिकायत के अनुसार, इस कृत्य से नदी अपवित्र हुई है और सनातन धर्म के अनुयायियों की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है।
शिकायतकर्ता ने इस घटना को घृणित बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इसके अलावा, नाव चालक के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने और उसका लाइसेंस तुरंत रद्द करने की मांग की गई है। फिलहाल, पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पार्टी का आयोजन करने वाले युवकों की पहचान करने में जुटी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





