भोपाल: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम–2026 के दौरान दावोस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मालदीव के आर्थिक विकास एवं व्यापार मंत्री मोहम्मद सईद से एकल बैठक की। इस बातचीत में पर्यटन को आधार बनाकर चिकित्सा, शिक्षा, वन्यजीव संरक्षण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ।
द्विपक्षीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और मालदीव के बीच कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां दोनों की परस्पर पूरक क्षमताओं के आधार पर दीर्घकालिक साझेदारी विकसित की जा सकती है। उन्होंने चिकित्सा पर्यटन, मत्स्य पालन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, वन्यजीव संरक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों को सहयोग के प्रमुख क्षेत्र बताया।
सीएम मोहन यादव ने रेखांकित की मध्यप्रदेश की ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की समृद्ध जैव विविधता, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध वन्यजीव अभयारण्य, तेजी से विकसित हो रहा मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत राज्य को वैश्विक सहयोग के लिए एक सशक्त भागीदार बनाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन आधारित सहयोग से निवेश, कौशल विकास और जन-संपर्क को मजबूती मिलेगी।
मालदीव के आर्थिक विकास एवं व्यापार मंत्री मोहम्मद सईद ने पर्यटन को दोनों क्षेत्रों के बीच स्वाभाविक और मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि मालदीव, मध्यप्रदेश के साथ पर्यटन, मानव संसाधन विकास और अनुभव साझा करने के अवसरों को आगे बढ़ाने के लिए इच्छुक है।
कई अहम मुद्दों पर बनी सहमति
बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी संवाद को संस्थागत स्वरूप देने, प्रतिनिधिमंडल स्तर के दौरों को प्रोत्साहित करने और सहयोग के लिए ठोस रोडमैप तैयार करने पर सहमति जताई। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के मंच पर हुई यह चर्चा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।






