WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक नया प्राइवेसी फीचर रोल आउट किया है। Meta के इस इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर अब AI चैट्स भी पूरी तरह सुरक्षित और प्राइवेट रहेंगी। कंपनी ने इस नए फीचर को “Incognito Chat” नाम दिया है। इसके जरिए यूजर्स Meta AI के साथ बिना किसी चिंता के निजी बातचीत कर सकेंगे।
हालांकि WhatsApp पहले से एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुविधा देता है, लेकिन नया Incognito Chat फीचर खास तौर पर Meta AI से होने वाली बातचीत की सुरक्षा को और मजबूत बनाता है। कंपनी का दावा है कि इन चैट्स को कोई भी एक्सेस नहीं कर पाएगा, यहां तक कि Meta खुद भी नहीं।
कैसे काम करता है यह फीचर?
Meta के मुताबिक, यह फीचर उसकी Private Processing Technology पर आधारित है। इसका मकसद यूजर्स की AI चैट्स को पूरी तरह गोपनीय रखना है। Incognito मोड में की गई बातचीत न केवल सुरक्षित रहेगी, बल्कि उसे स्टोर भी नहीं किया जाएगा। यानी बाद में भी किसी के लिए उन चैट्स को एक्सेस करना संभव नहीं होगा।
कंपनी का कहना है कि कई यूजर्स AI चैटबॉट्स से अपनी निजी और संवेदनशील बातें शेयर करते हैं। ऐसे में अगर ये जानकारी लीक हो जाए तो यूजर्स को नुकसान हो सकता है। इसी खतरे को देखते हुए Meta ने यह नया फीचर पेश किया है, ताकि AI के साथ होने वाली हर बातचीत पूरी तरह निजी और सुरक्षित बनी रहे।






