Home » ताजा खबर » डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा कब? अमेरिकी राजदूत ने दिया बड़ा संकेत, भारत को मिलेगा अहम ग्रुप में स्थान

डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा कब? अमेरिकी राजदूत ने दिया बड़ा संकेत, भारत को मिलेगा अहम ग्रुप में स्थान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी माने जाने वाले सर्जियो गोर ने भारत में अमेरिकी राजदूत के तौर पर औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया है। पद संभालने के बाद सर्जियो गोर ने भारत–अमेरिका संबंधों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की दोस्ती, ट्रेड डील और रणनीतिक साझेदारी को लेकर कई अहम बयान दिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले एक से दो साल के भीतर भारत की यात्रा कर सकते हैं।

पीएम मोदी और ट्रंप की सच्ची दोस्ती: सर्जियो गोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिश्तों पर बात करते हुए सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच दोस्ती बेहद मजबूत और सच्ची है। उन्होंने कहा, “मैं राष्ट्रपति ट्रंप के साथ पूरी दुनिया घूमा हूं और पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच वास्तविक दोस्ती है। भारत और अमेरिका केवल साझा हितों से नहीं, बल्कि एक गहरे रिश्ते से जुड़े हैं। सच्चे दोस्त मतभेद रख सकते हैं, लेकिन अंततः उन्हें सुलझा लेते हैं।”

भारत को ‘पैक्ससिलिका’ में शामिल होने का न्योता

सर्जियो गोर ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगले महीने भारत को अमेरिका के नेतृत्व वाली रणनीतिक पहल ‘पैक्ससिलिका’ में पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पहल सुरक्षित और इनोवेशन-आधारित सिलिकॉन सप्लाई चेन तैयार करने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जिसमें महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इस समूह में पहले से जापान, दक्षिण कोरिया, यूनाइटेड किंगडम और इज़राइल शामिल हैं और अब भारत को भी इसका पूर्ण सदस्य बनाए जाने की तैयारी है।

ट्रेड डील पर भी दिया अपडेट

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत सक्रिय रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि ट्रेड को लेकर अगली बैठक जल्द ही होगी।
उन्होंने कहा, “भारत दुनिया का सबसे बड़ा देश है, इसलिए इस समझौते को अंतिम चरण तक पहुंचाना आसान नहीं है, लेकिन दोनों पक्ष इसे पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रेड के अलावा सुरक्षा, काउंटर-टेररिज्म, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों में भी सहयोग जारी रहेगा।

गहरे सम्मान के साथ भारत आया हूं: सर्जियो गोर

राजदूत के तौर पर पद संभालने के बाद सर्जियो गोर ने कहा कि वह भारत में आकर खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं इस शानदार देश में गहरे सम्मान और एक स्पष्ट मिशन के साथ आया हूं—भारत और अमेरिका की साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाना। यह दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का मिलन है।”
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत की अपनी पिछली यात्रा और पीएम मोदी के साथ अपनी दोस्ती को याद किया था।

भारत सबसे अहम रणनीतिक साझेदार

सर्जियो गोर ने कहा कि भारत से ज्यादा महत्वपूर्ण कोई साझेदार अमेरिका के लिए नहीं है। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में उनका लक्ष्य भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करना होगा।
उन्होंने कहा, “हम सच्चे रणनीतिक साझेदारों के रूप में मिलकर काम करेंगे, जहां दोनों देश अपनी ताकत और नेतृत्व के साथ आगे बढ़ेंगे।”
साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से भारत और प्रधानमंत्री मोदी के लिए शुभकामनाएं भी साझा कीं।

मेहनती और इनोवेटिव हैं भारत के लोग

भारत की जनता की तारीफ करते हुए सर्जियो गोर ने कहा कि भारत के लोग मेहनती, इनोवेटिव और आध्यात्मिक हैं। उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे दुनिया नई तकनीकों को अपना रही है, भारत और अमेरिका का शुरुआत से ही मिलकर काम करना बेहद जरूरी है। मैं इस गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए भारत के लोगों का धन्यवाद करता हूं और देशभर में लोगों से मिलने को उत्सुक हूं।”

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This