दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में पति-पत्नी के रिश्ते का दर्दनाक अंत देखने को मिला। यहां 30 वर्षीय महिला की उसके पति ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार शाम करीब 4 बजे तिगड़ी क्षेत्र में हुई, जहां आरोपी शुभम राजपूत ने अपनी पत्नी कविता पर चार गोलियां दाग दीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से खाली कारतूस समेत कई अहम सबूत बरामद किए गए हैं।
शादी के बाद से रहता था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कविता और शुभम की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे। आरोप है कि शुभम अपनी पत्नी को लगातार जान से मारने की धमकी देता था और आए दिन दोनों के बीच कहासुनी होती रहती थी।
परिजनों ने लगाया अफेयर का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शुभम का किसी दूसरी महिला के साथ प्रेम संबंध था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच लगातार तनाव बना रहता था। परिवार का कहना है कि इसी वजह से शुभम अक्सर कविता के साथ मारपीट करता था और उसे जान से मारने की धमकी देता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी शुभम राजपूत की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।
बवाना में भी फायरिंग की वारदात
उधर, उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके में भी गुरुवार रात गोलीबारी की एक घटना सामने आई। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि पूठ खुर्द गांव में 22 वर्षीय युवक केशव पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी है।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल केशव को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआती जांच में पता चला है कि केशव जिम से घर लौट रहा था, तभी बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।





