मध्य प्रदेश में महिला तहसीलदार गिरफ्तार, KBC में भी बन चुकी थीं प्रतिभागी
मध्य प्रदेश से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला तहसीलदार को रिश्वतखोरी और घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह है कि आरोपी अधिकारी लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में प्रतिभागी के रूप में हिस्सा ले चुकी हैं और इस शो के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी हासिल कर चुकी हैं।
महिला तहसीलदार पर करीब 2.5 करोड़ रुपये के बाढ़ राहत घोटाले में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
ग्वालियर से हुई गिरफ्तारी
अधिकारियों के मुताबिक, अमृता सिंह तोमर को गुरुवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया। उनकी गिरफ्तारी साल 2021 में बड़ौदा तहसील में हुए कथित बाढ़ राहत घोटाले के सिलसिले में की गई है।
अदालत में पेशी के बाद अमृता सिंह तोमर को शिवपुरी जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में हिस्सा लेकर 50 लाख रुपये जीते थे।
मिर्जापुर में जूनियर इंजीनियर भी गिरफ्तार
इसी तरह के एक अन्य मामले में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। देहात कोतवाली क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने सिंचाई विभाग की बाणसागर परियोजना में तैनात कनिष्ठ अभियंता मुसाफिर सिंह यादव को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।
आरोप है कि वह ठेकेदार के बिल को पास करने के बदले रिश्वत मांग रहे थे। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





