पश्चिम बंगाल चुनाव: 91 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम हटे, EC ने पहली बार जारी की जिलावार लिस्ट
पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाते हुए पहली बार जिलावार नई वोटर लिस्ट जारी की है। इस अपडेट में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
आयोग के अनुसार, कुल 60,06,675 मतदाता जांच के दायरे में थे, जिनमें से 27,16,393 नाम अयोग्य पाए जाने पर हटा दिए गए हैं। इससे पहले 28 फरवरी को जारी प्रारंभिक सूची में 63,66,952 नाम हटाए गए थे। अब तक हटाए गए मतदाताओं की कुल संख्या 90 लाख से अधिक (9,083,345) हो चुकी है।
चुनाव आयोग ने बताया कि जांच के अधीन 60,06,675 मतदाताओं में से 59,84,512 के विवरण प्रकाशित कर दिए गए हैं, जबकि शेष 22,163 मामलों को सुलझा लिया गया है। हालांकि इन पर अभी डिजिटल हस्ताक्षर होने बाकी हैं, जिसके बाद हटाए गए नामों की संख्या और बढ़ सकती है।
किन जिलों में सबसे ज्यादा नाम हटे?
जिलावार आंकड़ों में सबसे अधिक नाम मुर्शिदाबाद जिले से हटाए गए हैं, जहां करीब 4.55 लाख मतदाताओं को अयोग्य घोषित किया गया।
इसके बाद उत्तर 24 परगना में लगभग 3.25 लाख, मालदा में 2.39 लाख और नादिया में करीब 2.08 लाख नाम सूची से हटाए गए हैं।
दक्षिण 24 परगना में लगभग 2.22 लाख, बीरभूम में 82 हजार, हुगली में 1.20 लाख, पश्चिम बर्धमान में 74 हजार और उत्तर दिनाजपुर में करीब 1.76 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
आयोग के मुताबिक, सूची को अंतिम रूप देने से पहले हर नाम की पूरी जांच की गई है। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार अयोग्य घोषित मतदाताओं को न्यायाधिकरण में अपील करने का मौका भी दिया जाएगा।






