कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कोलंबिया की यात्रा पर हैं। उन्होंने मेडेलिन स्थित ईआईए विश्वविद्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया और भाजपा-आरएसएस की विचारधारा को कायरतापूर्ण बताया। राहुल ने यह भी कहा कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। उनके बयानों पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और उन पर विदेश में जाकर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने कहा, “भारत में लोकतंत्र खतरे में है। संस्थाओं पर योजनाबद्ध हमले हो रहे हैं और समाज के कुछ वर्गों को दबाया जा रहा है। बोलने की आजादी नहीं है। भारत के लोग चीन जैसी तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेंगे।” उन्होंने भाजपा-आरएसएस पर आरोप लगाया कि उनकी विचारधारा कायरता पर आधारित है।
भाजपा नेता गौरव भाटिया ने राहुल के बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने विदेशी मंचों पर भारत का अपमान किया और देशभक्ति को भुलाकर अपनी राजनीतिक रंजिश दिखा रहे हैं।






