एनडीए में सीट बंटवारे पर बढ़ा विवाद, जेडीयू विधायक गोपाल मंडल सीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे, मंत्री रत्नेश सदा की आंखों में छलके आंसू
पटना: एनडीए में सीटों के बंटवारे का फार्मूला सहयोगी दलों को रास नहीं आ रहा है। पहले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के जीतनराम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी, और अब यह विवाद जेडीयू (जनता दल यूनाइटेड) तक पहुंच गया है।
भागलपुर जिले की गोपालपुर विधानसभा सीट से जेडीयू विधायक गोपाल मंडल मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि पार्टी के अंदर कुछ लोग उनकी टिकट काटने की साजिश कर रहे हैं।
गोपाल मंडल ने कहा, “सीएम आवास में बैठे कुछ लोग मुझे बेटिकट करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर अपनी बात रखना चाहता था, लेकिन जब मिलने की अनुमति नहीं मिली तो मैं धरने पर बैठ गया।”
इधर, सहरसा की सोनबरसा सीट से जेडीयू विधायक और मंत्री रत्नेश सदा की आंखों में भी आंसू छलक पड़े। बताया जा रहा है कि उनकी विधानसभा सीट लोक जनशक्ति पार्टी (चिराग गुट) के खाते में दे दी गई है।
एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर जारी यह नाराजगी अब खुले विरोध में बदलती दिख रही है, जिससे बिहार चुनाव से पहले गठबंधन की अंदरूनी कलह और गहरी होती जा रही है।






