अमरावती बनी आंध्र प्रदेश की स्थायी राजधानी, CM चंद्रबाबू नायडू ने किया ऐलान
आंध्र प्रदेश की राजनीति में बड़ा फैसला लेते हुए अमरावती को राज्य की स्थायी राजधानी घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) हैंडल के जरिए इसकी जानकारी साझा की।
सीएम नायडू ने अधिसूचना शेयर करते हुए लिखा, “आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती है।”
दरअसल, हाल ही में संसद के बजट सत्र के दौरान आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) अधिनियम, 2026 को दोनों सदनों में बहुमत से पारित किया गया था, जिसके बाद इस फैसले पर अंतिम मुहर लगी।
‘राजधानी का सपना हुआ साकार’
चंद्रबाबू नायडू ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आभार जताते हुए कहा कि इस फैसले से आंध्र प्रदेश के लोगों का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने राज्य से किया वादा निभाया।
विकास की दिशा में बड़ा कदम
टीडीपी-एनडीए सरकार के इस निर्णय को अमरावती के विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। राज्य के विभाजन के बाद ही इसे प्रशासनिक और राजनीतिक केंद्र बनाने की योजना बनाई गई थी।
अब स्पष्ट हो गया है कि आंध्र प्रदेश की एक ही राजधानी होगी और वह अमरावती ही रहेगी। इस फैसले को प्रशासनिक स्थिरता और तेज विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






