Home » ताजा खबर » कांग्रेस पार्षदों को बस में अगवा करने की कोशिश, एक गिरफ्तार

कांग्रेस पार्षदों को बस में अगवा करने की कोशिश, एक गिरफ्तार

चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर में गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां हाल ही में निर्वाचित कांग्रेस पार्षदों को बस से अगवा करने की कथित कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि चंद्रपुर म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (CMC) के नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षद नागपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में नकाबपोश लोगों ने उन्हें जबरन बस से उतारने का प्रयास किया।
पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना वर्धा जिले में नागपुर से सटे समृद्धि एक्सप्रेसवे के पास येलकेली टोल प्लाजा के नजदीक हुई।

विजय वडेट्टीवार के समर्थक बताए जा रहे हैं पार्षद

बस में सवार कांग्रेस के एक वरिष्ठ पार्षद ने बताया कि समय रहते पार्टी कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और पुलिस ने भी तुरंत कार्रवाई की, जिससे अगवा करने की कोशिश नाकाम हो गई।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बस में सवार 17 से 18 पार्षद कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार के समर्थक बताए जा रहे हैं। ये सभी नागपुर जा रहे थे, जहां स्थानीय निकाय चुनाव में जीत के बाद अपने गुट का पंजीकरण डिविजनल कमिश्नर कार्यालय में कराना था।

4 से 6 गाड़ियों में आए थे नकाबपोश आरोपी

रिपोर्ट्स के अनुसार, शाम करीब 5:45 बजे लगभग 20 अज्ञात लोग 4 से 6 गाड़ियों में सवार होकर मौके पर पहुंचे। सभी के चेहरे ढके हुए थे। आरोप है कि उन्होंने जबरन कांग्रेस पार्षदों को बस से निकालने की कोशिश की।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर दोनों पक्षों में झड़प हो गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही सावंगी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जिसकी पहचान कनैन सिद्दीकी, निवासी नागपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

कांग्रेस के भीतर गुटबाजी से जुड़ा मामला

पुलिस ने बताया कि पार्षद राजेश अदूर की शिकायत पर कनैन सिद्दीकी और पांच अन्य लोगों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही मेयर पद की खींचतान से जुड़ी हो सकती है। CMC चुनावों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन पार्टी के भीतर दो गुट सक्रिय हैं—एक विजय वडेट्टीवार का और दूसरा कांग्रेस सांसद प्रतिभा धनोरकर का।

10 फरवरी को होना है मेयर चुनाव

बता दें कि 15 जनवरी को हुए स्थानीय निकाय चुनावों के बाद चंद्रपुर में मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव 10 फरवरी को होना है।
66 सदस्यीय CMC में कांग्रेस को 27 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत के लिए 34 सीटों की जरूरत है। बीजेपी को 23 और शिवसेना (UBT) को 6 सीटें मिली हैं।

इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This