बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, 30 जुलाई को होगी वोटिंग; जानें पूरा शेड्यूल
नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इन तीनों सीटों पर 30 जुलाई 2026 को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त 2026 को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजालपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा।
क्यों खाली हुईं तीनों विधानसभा सीटें?
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है। वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया सीट राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता रद्द होने के कारण रिक्त हुई। गुजरात की मंजालपुर सीट के विधायक योगेशभाई नारायण दास के निधन के बाद वहां उपचुनाव की जरूरत पड़ी।
6 जुलाई से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 6 जुलाई 2026 को उपचुनाव का गजट नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवार 13 जुलाई 2026 तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी, जबकि उम्मीदवार 16 जुलाई 2026 तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को मतगणना
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, तीनों विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई 2026 को मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 3 अगस्त 2026 को मतगणना होगी और 4 अगस्त 2026 तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी। चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों के प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
नाम वापसी के बाद जारी होगी अंतिम उम्मीदवारों की सूची
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि के बाद चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके साथ ही तीनों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार तेज हो जाएगा। विभिन्न राजनीतिक दल रैलियों, रोड शो, जनसभाओं और डोर-टू-डोर अभियान के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश करेंगे।
चुनाव आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात के जिला प्रशासन को मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम, मतदान कर्मियों की तैनाती और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके।





